मुरैना : नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक कार्यकर्ता आधारित दल है। हम सभी को संगठित होकर अपने बूथ की मजबूती के लिए प्रयास करना चाहिए। तोमर ने आज मुरैना जिले की अंबाह एवं दिमनी विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी केंद्र व राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की अनेकों योजनाएं लागू की हैं। उन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाएं और जनता से जीवंत संपर्क रखते हुए 2023 और 2024 में होने वाले चुनावों में जीत हासिल करें।
केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित दल है। हमारा प्रत्याशी कोई भी हो, लेकिन हमें यह ध्यान रखना होगा कि हमारा प्रत्याशी कमल का फूल है, जिसे जीत दिलाने के लिए हमें पूरे समर्पण के साथ परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए काम करना है। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर संगठन का कार्य करना है और जनता में भाजपा सरकारों के लोककल्याणकारी योजनाओं को बताना है। उन्होंने कहा कि हमें बूथ स्तर पर पहुंचकर प्रत्येक कार्यकर्ता से संपर्क कर तथा जनता का समर्थन हासिल करते हुए चंबल क्षेत्र में अधिक से अधिक विधानसभा सीटें जीतने का प्रयास करना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कार्यकर्ताओं के उत्साह से यह प्रतीत होता है कि आने वाला विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी चंबल संभाग की सभी सीटों पर भारी बहुमत से विजयी होगी।
श्री तोमर ने कहा कि चुनाव का समय नजदीक है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता सक्रिय होकर बूथ में संपर्क करें। जिस प्रकार बीते चुनाव में आप सभी कार्यकर्ताओं ने कमल के फूल को अपना प्रत्याशी मानते हुए पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाई, उसी तरह इस बार भी उससे बड़ी जीत हासिल करने का प्रयास करें। कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान एक सैकड़ा से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यकर्ता बूथ की मजबूती का प्रयास करें
