गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित

नई दिल्ली : सत्ता पक्ष और विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सोमवार को अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। विपक्ष के हंगामे के कारण पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्नकाल स्थगित होने के बाद दोपहर 12 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो सत्ता पक्ष के निशिकांत दुबे ने अमेरिकी अखबार न्यूयार्क टाइम्स में छपी खबर का हवाला देते हुए कुछ कहना शुरू किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चीन ने कांग्रेस की आर्थिक मदद की है। उनके इतना कहते ही सत्ता पक्ष के सदस्य अपनी-अपनी सीटों के पास खड़े होकर जोर-जोर से हंगामा करने लगे।
दूसरी तरफ विपक्षी दलों के सदस्य हाथों में तख्तियां लेकर सदन के बीचोबीच आकर मणिपुर पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी और हंगामा करने लगे। पीठासीन अधिकारी किरीट प्रेमजी भाई सोलंकी ने कुछ कहा लेकिन शोरगुल के कारण कुछ सुनाई नहीं दिया। उन्होंने हंगामा रुकने का कुछ देर तक इंतजार किया लेकिन दोनों ओर से शोरशराबा जारी रहा।

इस पर सोलंकी ने सदन की कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्नकाल शुरू होते ही मणिपुर मुद्दे को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामा और शोरगुल के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोहपर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *