हिसार : हरियाणा में हिसार जिले के आदमपुर में एक दम्पति ने रविवार देर रात आत्महत्या कर ली। दोनों ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने बताया कि दम्पति के शव सोमवार सुबह आदमपुर मंडी में एक मकाने से बरामद किये गये थे, जहां वह किराए पर रह रहा था। मृतकों की शिनाख्त रामचंद्र और संतोष के रूप में की गई है। मूल रूप से खासा ढाणी निवासी रामचंद्र की आदमपुर में प्लास्टिक और लोहे के सामान वेल्डिंग करने की दुकान थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर हिसार नागरिक अस्पताल भेज दिये। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा वह मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम कराएगी।
