चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने नूंह जिले में साम्प्रदायिक तनाव के मद्देनजर वहां इंटरनेट सेवाएं बंद करने की अवधि 11 अगस्त रात 12 बजे तक बढ़ा दी है। राज्य के गृह विभाग के सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने मंगलवार को यहां इस सम्बंध में आदेश जारी किये। आदेशों के तहत नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस और सभी डोंगल सेवाएं आदि बंद रहेंगे। अलबत्ता वॉयस कॉल चालू रहेंगी। आदेशों में कहा गया है कि नूंह जिला उपायुक्त ने जानकारी दी है कि जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति अभी ठीक नहीं है। इसी के मद्देनजर इंटरनेट सेवाएं 11 अगस्त तक बंद रखने के आदेश दिए गये हैं। सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
