हिसार : हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला उपमंडल बरवाला के जेवरा गांव में सोमवार देर रात रोडवेज बस ड्राइवर की अज्ञात हमलावरों ने तेज धारदार हथियारों से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त राजेश के रूप में की गई है जो चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग(सीटीयू) में बस चालक था। राजेश सोमवार रात को बालक चोपटा से अपने गांव जेवरा आ रहा था। रात करीब दस बजे जैसे ही वह गांव की बाबा फूलनाथ गोशाला के पास पहुंचा तो पहले से वहां मौजूद मोटरसाईकल सवार युवकों ने उसकी कार रोक ली इसके शीशे तोड़ दिए।
जैसे ही राजेश गाड़ी से बाहर निकला तो युवकों ने तेजधार हथियार से उसके सिर पर वार किए, जिससे वह लहुलुहान होकर वहीं गिर गया। गांववासियों के वारदात के बारे में सूचना देने पर उसके परिवार वाले राजेश को गम्भीर रूप से घायलावस्था में हिसार लेकर आ रहे तो रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से तेजधार हथियार बरामद किये हैं। राजेश अविवाहित था। उसके पिता की कुछ समय पहले ही मौत हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
