बलिया : उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के नरहीं क्षेत्र में पुलिस व अपराध शाखा की स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए बुधवार को अवैध शस्त्रों की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । पुलिस ने आरोपी के पास से सात अवैध असलहे भी बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गाजीपुर बलिया बार्डर के निकट पुलिस व अपराध शाखा की स्वाट टीम ने चेकिंग के दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहे बिहार के सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हबीब नगर निवासी हसन को गिरफ्तार कर लिया । आरोपी की तलाशी के दौर पुलिस ने उसके बैग से पांच पिस्टल नौ एमएम,दो पिस्टल 32 बोर, पांच मैग्जीन नौ एमएम बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि हसन से पूछताछ में पता चला है कि वह पांच वर्षों से असलहे की तस्करी कर रहा है व अभी तक लगभग 200 पिस्टल बिहार व उसके आस पास बेच चुका है । हसन यह असलहे बिहार प्रांत के मुंगेर से लाकर इनकी बिक्री करता था। पुलिस ने हसन के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की सुसंगत धारा 3/7/25 के तहत नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है । शेष वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।
हथियार तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ा
