पन्ना : मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के रेपुरा तहसील के एक पटवारी को आज लोकायुक्त पुलिस ने कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस सागर के सूत्रों के अनुसार जिले के रेपुरा तहसील के पटवारी राम अवतार वर्मा को कम्प्यूटर ऑपरेटर भागीरथ सेन के साथ यह रिश्वत लेते पकड़ा गया है। आरोपी पटवारी ने उमेश कुमार प्रजापति के पक्षकारों को गरीबी रेखा का राशन कार्ड बनाने के एवज में बीस हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
दो हजार रुपए पहले ले चुका था। आज कम्प्यूटर ऑपरेटर भागीरथ सेन के माध्यम से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्ट्राचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।
