गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चकबंदी लेखपाल रिश्वत लेते गिरफ्तार

ललितपुर : उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक चकबंदी लेखपाल को दस हजार रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम मसौरा खुर्द निवासी किसान संजय सिंह राजपूत ने बीती सात अगस्त को एंटी करप्शन ब्यूरो झांसी शाखा के नाम एक शिकायती पत्र दिया था कि उसके बड़े ताऊजी की कृषि भूमि उसके व उसके भाई राघवेंद्र सिंह के नाम विरासत में दर्ज करवाने के लिये उसके ग्राम में तैनात चकबंदी लेखपाल चंबेल सिंह की रिपोर्ट लगनी थी, लेकिन लेखपाल रिपोर्ट लगाने के एवज में पच्चीस हजार रुपये की मांग कर रहा था। मामला 24 हजार रुपये में तय किया गया और आज उसे दस हजार व शेष राशि काम होने के बाद देना तय हुआ था।
बुधवार को झांसी से आई एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उससे सम्पर्क किया और उनके द्वारा दिये गये निर्देश के आधार पर जब वह लेखपाल को दस हजार रुपये की घूस देने उसके चकबंदी कार्यालय पर पहुंचा व उसको रूपये दिये, तभी मौके पर ही एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने लेखपाल को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। सदर कोतवाली में सारे दस्तावेजों की जांच पड़ताल कर लेखपाल से पूछताछ की गई और उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्यवाही की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *