चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार इस वर्ष तीज उत्सव 19 अगस्त को पानीपत में भव्य तरीके मनाएगी तथा इस अवसर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्यातिथि होंगे। आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि तीज उत्सव गुरु तेग बहादुर-हुड्डा मैदान में आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रदेश की उन 101 महिलाओं को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाया है।
उत्सव की विशेषता यह होगी कि इसमें राज्य के प्रत्येक जिले से महिलाओं को बुलाया जाएगा। उन जिलों की पहचान के लिए अलग-अलग जिले को अलग-अलग कलर कोड दिये जाएंगे, ताकि उस जिले से आने वाली महिलाएं, उस कलर की चुनरी और उसी रंग का रुमाल हाथ पर बांध कर आएं जिससे उस जिले की पहचान हो सके।
तीज उत्सव के दौरान प्रदेश के कई स्वयं सहायता समूह अपनी प्रदर्शनी लगाएंगे। प्रदर्शनी प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, डीआरडीए के स्वयं सहायता समूह और हरियाणा राज्य आजीविका मिशन के अंतर्गत पंजीकृत महिलाओं द्वारा लगाई जाएगी। अभिलेखागार एवं पुरातत्व विभाग, हरियाणा भी प्रदर्शनी में अपना स्टॉल लगाएगा जो हरियाणवी धरोहर पर आधारित होगा।
तीज उत्सव को और अधिक रुचिकर बनाने के लिए महिलाओं की विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं खेल विभाग द्वारा कराई जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सभी विश्वविद्यालयों/महाविद्यालयों द्वारा किया जाएगा। सभी विश्वविद्यालयों और उन महाविद्यालयों की टीमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगी, जिनकी टीमें युवा उत्सव में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही हैं।
