फगवाड़ा : पंजाब में जालंधर जिले के नकोदर शहर अंतर्गत खीवा गांव के दो सगे भाईयों की हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ इलाके में कुछ अज्ञात हमलावरों ने चाकूओं से गोद कर नृशंस हत्या कर दी। पुलिस ने आज यहां बताया कि तीन हमलावरों ने हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में गुरूवार को बीच सड़क में दोनों युवकों की पिटाई की और बाद में चाकुओं से गोदकर उनकी हत्या की। बीच सड़क पर हो रही इस वारदात को वहां से गुजर रहे लोगों ने नज़रंदाज कर दिया तथा किसी ने भी इन युवकों को बचाने का प्रयास नहीं किया। इस घटना को वहां खड़े एक व्यक्ति से अपने मोबाईल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त वरूण और कुनाल के रूप में हुई। दोनों युवक नालागढ़ के वार्ड छह में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिये हैं। उसका कहना है कि घटना के पीछे पुरानी दुश्मनी सम्भवत: कारण हो सकती है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर अपराधियों की तलाश शुरु कर दी है।
दो सगे भाईयों की नृशंस हत्या
