गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

निवेश से लगेंगे यूपी में ईवी सेक्टर को पंख

लखनऊ : हिंदुजा समूह समेत देश के अन्य प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानो के इलेक्ट्रिक वाहन (इवी) सेक्टर में निवेश के प्रति रूचि दर्शाने से उत्तर प्रदेश सरकार उत्साहित है। इस सिलसिले में शुक्रवार को यहां प्रदेश सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और शीर्ष उद्यमियों व निवेशकों का एक इलेक्ट्रिक वाहन गोलमेज सम्मेलन हुआ। अधिकृत सूत्रों के अनुसार हिंदुजा ग्रुप के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई है।

कंपनी तीन से पांच वर्ष की अवधि के लिए ढाई हजार इलेक्ट्रिक बसों की वार्षिक खरीद के लिये रणनीतिक पहलों की एक श्रृंखला के माध्यम से एक महत्वपूर्ण योगदान की कल्पना करती है। इस ग्रुप ने 500 करोड़ से 1000 करोड़ रूपये तक के अग्रिम निवेश का आशय प्रकट किया है। इसके अलावा अदानी ग्रुप पांच वर्षों में लगभग एक हजार करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव के साथ एक व्यापक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क बनाने के लिए तैयार है।

उनके प्राथमिक फोकस क्षेत्रों में 17 प्रमुख शहर, एक्सप्रेसवे और महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल शामिल हैं, जो आगरा से प्रयागराज तक 700 किमी तक फैले हुए हैं। सूत्रों के अनुसार ई-रिशा 300 एकड़ से अधिक भूमि पर ईवी पार्क स्थापित करने पर विचार कर रहा है जिसमें तीन वर्षों में 500 करोड़ रूपये का प्रारंभिक निवेश होगा, इसके बाद अगले सात वर्षों में एक हजार करोड़ का अतिरिक्त निवेश करने का प्रस्ताव है।
अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन राज्य की इलेक्ट्रिक वाहन नीति में उल्लिखित अभूतपूर्व निवेशक-अनुकूल अवसरों पर चर्चा करने और उनका लाभ उठाने के लिए एक अनुपम मंच है। यह एक स्वच्छ, हरित और अधिक समृद्ध भविष्य के हमारे साझा दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा यूपी में ईवी गतिशीलता पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए राज्य की ईवी नीति में प्राविधान किए गए हैं । उन्होंने यूपी को इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी के विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
टाटा ग्रुप के ईवी चार्जिंग के प्रमुख रामकृष्ण सिंह ने आश्वासन दिया कि टाटा पावर उत्तर प्रदेश में ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचे की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान किये जा रहे सहयोग की सराहना की। स्विच मोबिलिटी, हिंदुजा ग्रुप के एमडी और सीईओ, महेश बाबू ने नेट ज़ीरो उत्सर्जन के प्रयास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृष्टिकोण का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन है और हिंदुजा ग्रुप को राज्य में ईवी सेक्टर में कार्य करने में खुशी होगी।
सूत्रों ने बताया कि देश में सड़क पर कुल ईवी का लगभग 25 प्रतिशत राज्य में संचालित है तथा सबसे अधिक ईवी बिक्री (17 प्रतिशत) उत्तर प्रदेश में हुई है। फरवरी 2023 तक, उत्तर प्रदेश में लगभग 4,15,000 ईवी संचालित हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य की ईवी नीति ईवी बाजार को प्रोत्साहित करने के लिए खरीदारों को आकर्षक सब्सिडी प्रदान करती है। इसमें उत्तर प्रदेश में खरीदे और पंजीकृत ईवी की सभी श्रेणियों पर नीति की अवधि के पहले तीन वर्षों के दौरान रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *