जयपुर : अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए शीघ्र ही विजन-2030 की लाँचिंग होगी। गहलोत ने शनिवार को यहां एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा “हम विजन-2030 को लेकर चल रहे है और इसकी लाँचिंग जल्द होगी। वर्ष 2030 तक राजस्थान कम से कम अग्रणी राज्यों में सममिलित हो, यह सब प्रदेशवासियों का सपना होना चाहिए और यह तभी पूरा होगा जब सब प्रदेशवासी, सभी वर्ग के लोग मिलकर आगे आये और अपने सुझाव भेजे।
” उन्होंने कहा कि इसके लिए अभियान चलाया जायेगा जिसमें संवाद कार्यक्रम आदि किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि अभी युवा नीति घोषित हुई, यह सबको पूछकर युवा नीति बनाई गई है, इन सब वर्गों को साथ में लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि हम चाहेंगे कि सब मिलकर एक विजन डाक्यूमेंट बन जाये हमेशा के लिए और उस वक्त वर्ष 2030 तक गर्व से कह सके कि हम भी अग्रणी राज्यों में सम्मिलित है।
उन्होंने कहा कि हेप्पीनेस इंडेक्स बढ़े , पानी, बिजली, शिक्षा, सड़कों के साथ सोशल सेक्युरिटी कैसे आगे मजबूत कर सके, हम नवाचार कर रहे है, राजस्थान और मजबूत बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान ने कई क्षेत्रों में पहल की और देश में बाकी राज्य इसे फोलो कर रहे है, ऐसे में क्यों नहीं एक विजन ही बना दिया जाये हमेशा के लिए ताकि युवाओं में आत्मविश्वास आये कि राजस्थान का नौजवान देश और प्रदेश के लिए कुछ भी कर सकता है।
