गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गहलोत को भाजपा और आरएसएस का फोबिया

जयपुर : राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा का फोबिया है, इसलिए ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब वह इन्हें नहीं कोसते।

जोशी शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में 23 लोगों के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के अवसर पर पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुबह होते ही इन्हें कोसना शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि देश में लगातार मोदी को मिटा दो, खत्म कर दो और भारत माता की हत्या करने जैसे अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है जो अशोभनीय और निन्दनीय है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा प्रधानमंत्री की कुर्सी के लिए 1947 में कांग्रेस ने देश को बांटने का काम किया था। आज फिर इंडिया नाम के प्रत्येक अक्षर में डॉट लगाकर बांट रहें है, लेकिन जनता विपक्ष के समूह इंडिया के सारे डॉट निकालकर कांग्रेस पर फुल स्टॉप लगाने के लिए तैयार बैठी है।
जोशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि तुष्टिकरण कांग्रेस के डीएनए में समाहित है जबकि भाजपा का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास सबका विश्वास, सबका प्रयास है। भाजपा ने इसी मूल मंत्र के साथ प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य किया है। जिस तरह पिछले नौ वर्षों में बिना भेदभाव के देश में विकास कार्य हुए वे प्रत्यक्ष देखे जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि श्री गहलोत की घबराहट का कारण स्पष्ट है कि उनसे न तो प्रदेश की जनता संतुष्ट है और न ही पार्टी के लोग, सत्ता जाना तय है, इसी घबराहट के चलते उनको लग रहा है कि देश में माहौल खराब है। कुछ समय पहले उन्होंने खालिस्तानियों के समर्थन में बयान जारी किया था, उनकी पार्टी के लोग भी देश के टुकडे-टुकडे गैंग का नारा लगाने वाले लोगों के साथ खडे दिखाई देते है, इसलिए उन्हें मणिपुर की चिंता छोड प्रदेश की चिंता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजाना दुष्कर्म के मामले सामने आ रहें है और राज्य सरकार इनको रोकने में विफल हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कर उनके सम्मान को बढ़ाने का काम किया है, अम्बेडकर का सम्मान बढ़ाया जबकि कांग्रेस ने हमेशा सिर्फ गांधी परिवार के नेताओं की ही पूजा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *