भुवनेश्वर : कटक की ओपीआईडी अदालत ने सोलर टेक्नो एलायंस (एसटीए) क्रिप्टो-पोंजी घोटाले के दो आरोपियों गुरतेज सिंह सिद्धू और निरोद दास की पुलिस हिरासत की अवधि पांच दिन और बढ़ा दी है। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के सूत्रों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि उसने हिरासत अवधि बढ़ाने की प्रार्थना की है क्योंकि यह मामला बहुत जटिल है जिसमें कई राज्य और भारी मात्रा में धन शामिल है।घोटाले के विभिन्न पहलुओं जैसे-मनी ट्रेल, पैसे की हेराफेरी, बेनामी लेनदेन, धनशोधन मामला और अन्य देशों में नेटवर्क पर जांच के लिए आरोपियों की आवश्यकता है।
ओड़िशा की ईओडब्ल्यू ने पंजाब के फरीदकोट के मूल निवासी एसटीए क्रिप्टो टोकन के भारत प्रमुख गुरतेज सिंह सिद्धू और ओडिशा में एसटीए के प्रमुख निरोद दास को 1000 करोड़ रुपये से अधिक के पोंजी घोटाले में गिरफ्तार किया था।पूछताछ के दौरान पाया गया कि एसटीए कुछ अप-लाइन सदस्यों के माध्यम से ओडिशा के कई जिलों में बहुत सक्रिय थे और वे लोगों को इस योजना में शामिल होने और बहुत कम समय में भारी पैसा कमाने के लिए मनाने के लिए विभिन्न प्रचार उपकरणों का उपयोग कर रहे थे।
इस घोटाले में दो लाख से अधिक लोग संलग्न हैं जो मुख्य रूप से पंजाब, राजस्थान, बिहार, झारखंड, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र और असम राज्यों में हैं। जांच के दौरान यह पाया गया कि एसटीए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) या किसी अन्य प्राधिकरण द्वारा जमा एकत्र करने के लिए अधिकृत नहीं है। यह क्रिप्टो टोकन की आड़ में एक बड़ी पोंजी योजना चलाता है।
एसटीए का नेतृत्व एक युवा हंगेरियन (यूरोप) नागरिक डेविड गीज़ कर रहा है जो कई बार भारत का दौरा कर चुका है। डेविड गीज़ और गुरतेज सिद्धू दोनों ने ओडिशा सहित भारत में कई स्थानों की यात्रा की है और विभिन्न एसटीए कार्यक्रमों में भाग लिया है।एसटीए अपनी सदस्यता के प्रसार के लिए विभिन्न स्थानों पर कई प्रचार कार्यक्रम आयोजित करता है। एसटीए अपने सदस्यों से वादा करता है कि अगर वे इस योजना में शामिल होते हैं और अपने तहत और सदस्यों को जोड़ते हैं तो वे प्रति दिन 20 डॉलर से 3000 डॉलर तक कमाएंगे।
ईओडब्ल्यू के सूत्रों ने दावा किया कि एसटीए के ओडिशा प्रमुख निरोद दास के बैंक खाते में 30 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन देखा गया था। इसके अलावा उनके खातों में भारी मात्रा में नकदी जमा है, जिससे पता चलता है कि इस घोटाले में बहुत सारा काला धन लगाया गया है।ईओडब्ल्यू ने कहा, सभी खाते फ्रीज कर दिए गए हैं, एसटीए में शामिल कुल धन 1000 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।
क्रिप्टो पोंजी घोटाला : दो आरोपियों की पुलिस हिरासत पांच दिन और बढ़ी
