नौ मोटरसाइकिल बरामद
महोबा : उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में पुलिस ने रविवार को एक मुठभेड़ में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की । पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में बताया कि एक सूचना पर महोबा सदर कोतवाली पुलिस ने बिलबई रोड में एक स्थान पर हल्की मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोचा जबकि उनका साथी एक अन्य बदमाश भाग निकलने में सफल हो गया। पकड़े गए बदमाशो से पूछताछ में जिले में वाहन चोरियों को लेकर बड़ी जानकारी का खुलासा हुआ। इन बदमाशो की निशानदेही पर पुलिस ने एक मकान में रखी चोरी की 09 मोटर साइकिल बरामद की। जिन्हें बिक्री के लिए बाहर भेजे जाने की तैयारी थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में आकाश पटेल ननोरा एवम दूसरा प्रमोद नाथ नगर के बिलबई चुंगी इलाके का निवासी है। उनका साथी राधे सक्सेना मुठभेड़ के दौरान भाग निकला। यह सभी बदमाश वाहन चोरों के एक अन्तर्राजययीय गिरोह के सदस्य है। इनका आपराधिक इतिहास भी है। सीमावर्ती मध्य प्रदेश के पुलिस थानों ,सदर कोतवाली समेत आसपास के अन्य पुलिस थानों में इनके विरुद्ध अनेकों आपराधिक मामले पंजीकृत है। पुलिस ने दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।
