उज्जैन : मध्यप्रदेश की महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन में अधिक मास के अंतिम दौर में छुट्टी के कारण आज तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड आगमन हुआ और दर्शनार्थियों का शयन आरती तक आने का सिलसिला जारी रहा। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि श्रावण माह में श्रद्धालुओं की गणना करने के लिए स्मार्ट सिटी द्वारा लगाई गई हेड काउंट डिवाइस के माध्यम से यह जानकारी मिली है।
दक्षिण मुखी भगवान महाकालेश्वर मंदिर में चल रहे अधिक मास में आज शाम तक 03 लाख 20 हज़ार 140 से अधिक दर्शनार्थियों ने भगवान के दर्शन किये। महाकाल महालोक बनने के बाद श्रावण मास में चार जुलाई से लेकर अब तक एक करोड़ 07 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। इस बार अधिक मास होने के कारण बाबा महाकाल की कुल 10 सवारियां निकलेगी।
अंतिम सवारी 11 सितंबर को निकाली जाएगी। इस दौरान आने वाले एक माह में और अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सामान्य दर्शनार्थियों के लिए सुगम दर्शन की व्यवस्था की गयी है। श्री महाकालेश्वर मंदिर दर्शन और अन्य जानकारी एवं शिकायत के लिये मंदिर प्रबंध समिति की वेबसाइट के साथ मंदिर के टोल फ्री नंबर 18002331008 से संपर्क कर सकते हैं।
