अगरतला : त्रिपुरा में पिछले तीन हफ्तों में डेंगू के 557 मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य में इस संक्रमम के सबसे अधिक मामले सिपाहीजला (362) में दर्ज किए गए हैं। इसके बाद पश्चिम त्रिपुरा में 163 और उनोकोटी जिलों में 29 मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि तीनों जिलों की सीमा पड़ोसी मुल्क बंगलादेश से लगती है। राज्य के सीमावर्ती गांवों में डेंगू फैलने का कारण सीमा पार से मच्छरों की आवाजाही को माना जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने 1122 मरीजों को डेंगू के संदिग्ध मामलों के रूप में वर्गीकृत किया है, क्योंकि वे एंटीजन परीक्षण में सकारात्मक पाए गए हैं। अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डेंगू के मरीजों के इलाज के लिए एक विशेष इकाई चालू की गई है।
इसके अलावा, मलेरिया संक्रमण की घटनाओं में भी कई गुना वृद्धि हुई है और इस वर्ष राज्य में कुल मामलों की संख्या 14,113 है, जिसमें 9,859 विशेष रूप से धलाई जिले से हैं। इसे वेक्टर जनित बीमारी के केंद्र के रूप में जाना जाता है। अधिकारियों ने कहा, “29 तक पिछले दो दिनों में त्रिपुरा में डेंगू और मलेरिया के 78 नए मामले सामने आए हैं।”
