चेन्नई : तमिलनाडु में 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा के लिए चेन्नई शहर में 9,000 पुलिसकर्मियों का लगाया गया है जबकि पूरे राज्य में लगभग एक लाख पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सभी हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और यात्रियों को तलाशी, सामान की जांच और मेटल डिटेक्टर परीक्षणों से गुजरना पड़ रहा है। हवाई अड्डे पर आगंतुकों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है, पूरे परिसर में सशस्त्र सीआईएसएफ कर्मियों के साथ सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
चेन्नई के पुलिस आयुक्त संदीप राय राठौर के आदेश पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर चेन्नई में 9,000 पुलिस अधिकारियों और जवानों को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन फोर्ट सेंट जॉर्ज की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और अपना संबोधन करने वाले हैं, इसलिए राज्य सचिवालय और उसके आसपास के क्षेत्रों में पांच स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
एहतियात के तौर पर, बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने वाले स्थानों की गहन जांच की जा रही है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है जिसमें चेन्नई हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनस, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, तटीय क्षेत्रों, धार्मिक स्थल शामिल हैं। इस बीच, चेन्नई शहर में रविवार से 15 दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, जिसमें सार्वजनिक बैठकों और सार्वजनिक स्थलों पर सभाओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। आयुक्त राठौड़ ने चेन्नई शहर पुलिस अधिनियम, 1888 की धारा 41 के अंतर्गत रविवार से 28 अगस्त तक 15 दिनों का यह प्रतिबंध जारी किया है।
तमिलनाडु : स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा
