गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मऊगंज नया जिला बना

भोपाल : मध्यप्रदेश सरकार ने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के अनुरूप मऊगंज का नए जिले के रूप में गठन कर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) की नियुक्ति भी कर दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रीवा जिले की तीन तहसीलें मऊगंज, हनुमना और नईगढ़ी को मिलाकर नवीन जिला मऊगंज का गठन किया गया है। इसका मुख्यालय मऊगंज रहेगा। मऊगंज के गठन उपरांत शेष रीवा जिले में नौ तहसीलें, हुजूर, हुजूरनगर, जवा, त्यौंथर, रायपुर कर्चुलियान, गुढ़, सिरमौर, सेमरिया और मनगवां रहेंगी।

राजस्व विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। मऊगंज के पहले कलेक्टर के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी सुश्री सोनिया मीना को पदस्थ किया गया है। वर्ष 2013 की अधिकारी सुश्री मीना अभी तक भोपाल में आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं की संचालक के रूप में कार्यरत थीं।
वहीं भारतीय पुलिस सेवा (भापुसे) के अधिकारी वीरेंद्र जैन को मऊगंज का पहला पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार श्री जैन अब तक छिंदवाड़ा में आठवीं वाहिनी (विसबल) के सेनानी के रूप में कार्यरत थे। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा विनायक वर्मा को आठवीं वाहिनी (विसबल) के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मध्यप्रदेश में अब तक 52 जिले थे। मऊगंज के रूप में 53 वां जिला अस्तित्व में आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *