बेंगलुरु : सिद्दारमैया ने सोमवार को कहा कि अगले शैक्षणिक वर्ष से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को खत्म कर दिया जाएगा।
सिद्दारमैया ने एक बैठक में कहा, “पिछली भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई एनईपी को अगले शैक्षणिक वर्ष में खत्म कर दिया जाएगा। एनईपी को समाप्त करने और एक नई नीति तैयार करने में समय लगता है जो इस वर्ष हमारे पास नहीं है। चुनाव जीतने के बाद जब हमारी सरकार बनी तब तक वर्तमान शैक्षणिक वर्ष शुरू हो चुका था इसलिए हमने इस शैक्षणिक वर्ष में एनईपी को जारी रखने का फैसला किया जिससे कोई असुविधा न हो।
एनईपी का विरोध छात्र, अभिभावक, व्याख्याता और शिक्षक एक साथ कर रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने देश में एनईपी लागू कर छात्रों के हितों से खिलवाड़ किया है। भाजपा शासनकाल के दौरान कर्नाटक अगस्त 2021 में उच्च शिक्षा में एनईपी को अपनाने वाला देश का पहला राज्य बना था। कांग्रेस ने हालांकि, इसे नागपुर शिक्षा नीति बताते हुए एनईपी की आलोचना की थी और इसे आरएसएस के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा की योजना कहा था।
