पन्ना : मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में दो छात्रों के शव एक नदी में मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों ही छात्रों के शव कल देर शाम बाघिन नदी से निकाल लिए गए और आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। छात्रों की पहचान धीरज और आयुष के रूप में हुयी है। ये दोनों छात्र स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए स्कूल के लिए निकले थे।
दोपहर तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गयी और पुलिस को भी सूचना दी गयी। सूत्रों ने कहा कि बाघिन नदी के पास बच्चों के जूते और कपड़े दिखाई देने पर गोताखोरों की मदद से नदी में उनकी तलाश की गयी। देर शाम दोनों के शव नदी से निकाले गए। सूत्रों ने कहा कि दोनों विद्यार्थियों की मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है।
