गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तीन छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत

चेन्नई : तमिलनाडु के दक्षिणी तिरुनेलवेली जिले के थिसैयानविलई तालुक में मंगलवार शाम को समुद्र में नहाने गए तीन स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस सूत्र ने बताया कि जैसे ही तीनों लापता हो गए, तटीय सुरक्षा समूह पुलिस और अग्निशमन सेवा कर्मियों ने मछुआरों के साथ मिलकर उनका पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।. तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष एम. अप्पावु भी घटनास्थल पर पहुंचे और आधी रात तक चले तलाशी अभियान की निगरानी की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

बुधवार सुबह उनके शव बहकर किनारे आ गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए आसारीपल्लम के कन्नियाकुमारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। छात्रों की पहचान 10वीं कक्षा के छात्र आकाश (14), 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले राहुल कन्नन (14) और 8वीं कक्षा के छात्र मुकेश (13) के रूप में की गई है। इस बीच मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने उनकी मौत पर दुख व्यक्त किया और उनके परिवारों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की। यहां एक बयान में स्टालिन ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और मुख्यमंत्री जन राहत कोष से सहायता की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *