गांधीनगर : आचार्य देवव्रत ने बुधवार को यहां कहा कि हमारे छोटे- छोटे संकल्पों से देश महान बनेगा। देवव्रत ने ‘एट होम’ कार्यक्रम में राज्य भर से आए विभिन्न क्षेत्र के अग्रणी महानुभावों से छोटे- छोटे संकल्प लेने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में उन्होंने कहा, “ हम संकल्प करें कि भोजन में प्राकृतिक आहार का ही उपयोग करेंगे। परिश्रम की पराकाष्ठा से हम आगामी दो वर्ष में गुजरात को जहरमुक्त बनाने का संकल्प लें। हम संकल्प करें कि घर में पानी की एक बूंद भी खराब नहीं करेंगेे। जल अमूल्य है और हमेशा जल की बचत करें। ”
राज्यपाल ने कहा, “ हम ऊर्जा की बचत करें। आवश्यकता होने पर ही इसका उपयोग करें। घर- कार्यालयों में एसी या लाइट अनावश्यक ऑन न रखें और बिजली का दुरुपयोग न होने दें। हम संकल्प लें कि भोजन को बिगड़ने नहीं देंगे। खाओ मनभर- छोड़ो न कणभर। हम संकल्प करें कि स्वच्छता को आदत और स्वभाव बनाएंगे। हमारी युवा पीढ़ी को व्यसन मुक्त करेंगे। राष्ट्र भक्ति की भावना जन-जन में जागे, ऐसे प्रयास करेंगे। कभी टैक्स चोरी नहीं करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति ऐसे छोटे – छोटे संकल्प लेगा, तो हमारा देश महान बन जाएगा। ”
छोटे-छोटे संकल्पों से देश बनेगा महान
