गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दिल्ली पुलिस, डीजीसीए को नोटिस

नई दिल्ली : दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने विमान में कथित यौन उत्पीड़न की एक घटना पर शुक्रवार को दिल्ली पुलिस और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को नोटिस जारी किया। डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली पुलिस से इस मामले में की गई गिरफ्तारी के साथ एफआईआर का ब्योरा मांगा है। आयोग ने डीजीसीए से पूछा है कि क्या यह मामला कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के तहत आंतरिक शिकायत समिति या किसी अन्य समिति को भेजा गया है? यात्री के खिलाफ की गई कार्रवाई का विवरण भी मांगा है और दिल्ली पुलिस तथा डीजीसीए से 23 अगस्त तक कार्रवाई रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। आयोग ने विमान में एक यात्री द्वारा कथित यौन उत्पीड़न के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित एक कथित वीडियो पर स्वत: संज्ञान लिया है। यह घटना बुधवार को दिल्ली से मुंबई जा रही एक फ्लाइट में हुई थी। वीडियो में दिखाया गया है कि एक यात्री महिला फ्लाइट अटेंडेंट और एक अन्य महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने की कोशिश कर रहा था।
डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, ‘उड़ानों में यौन उत्पीड़न की शिकायतें बढ़ रही हैं। इस विशेष मामले में एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और मामले की गहन जांच की जानी चाहिए। दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए। डीजीसीए को उड़ानों में यौन उत्पीड़न के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *