गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लाड़ली बहनों को देंगे 27 अगस्त को उपहार

पन्ना : शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र में नर्मदा जल लाने के लिए तकनीकी परीक्षण करवाया जाएगा। चौहान आज पन्ना जिले के गुन्नौर में जनदर्शन के पश्चात लाड़ली बहनाओं और नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पन्ना जिले के नागरिकों को नर्मदा मैया का पानी उपलब्ध कराया जायेगा। गुन्नौर के महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय कन्या विद्यालय के उन्नयन की कार्यवाही भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 677 करोड़ रूपए राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और भितरी मुटमुरू बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।
चौहान ने कहा कि जनकल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। पन्ना जिले के तीन नगरीय निकायों को विकास कार्यों के लिए गुन्नौर, अमानगंज और देवेन्द्र नगर के लिए एक-एक करोड़ रूपए की राशि प्रदान की जाएगी। विभिन्न मांग पत्रों और नागरिकों के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान आकर्षित किए जाने पर कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।
चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर पलीता लगा दिया था। आज मध्यप्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन-रात जनसेवा में लगे हैं। उन्होंने निर्धन तबके को नि:शुल्क राशन उपलब्ध करवाने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश सरकार भी आम जनता के कल्याण के लिए सक्रिय है। यहाँ 600 करोड़ रूपए की राशि से घर-घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाने का कार्य हुआ है। मेडिकल और इंजीनियरिंग में होनहार विद्यार्थियों द्वारा प्रवेश लिए जाने पर शिक्षण शुल्क देने की पहल की गई है।

विद्यार्थियों को चाहे 10 लाख रूपए तक फीस भरनी हो, इसकी व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। किसानों के लिए पर्याप्त सिंचाई जल और 6 हजार रूपए पीएम किसान निधि के साथ ही राज्य स्तर पर प्रतिवर्ष 6 हजार रूपए की राशि देने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण भी मिल रहा है। पूर्व सरकार द्वारा बैगा, सहरिया और भारिया परिवारों के लिए आहार अनुदान की राशि का भुगतान बंद कर दिया गया था। पूर्व सरकार ने बहनों को मिलने वाली 16 हजार रूपए की प्रसव सहायता राशि, कन्यादान योजना और तीर्थ दर्शन योजना का क्रियान्वयन भी बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार बुजुर्गों को रेल ही नहीं प्लेन से भी तीर्थों के दर्शन करवा रही है।
चौहान ने कहा कि आगामी 30 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व है। बहनों को भाई का उपहार मिलने वाला है। आगामी 27 अगस्त को दोपहर 1.00 बजे महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा। आज लाड़ली बहनाओं ने यहां पगड़ी पहनाकर मेरा स्वागत किया है। इनका सम्मान कभी कम नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन पर राज्य सरकार ने 15 हजार करोड़ रूपए का प्रबंध किया है। लाड़ली बहनों का सम्मान इस योजना से बढ़ रहा है। प्रयास यह है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से मासिक आमदनी 10 हजार रूपए तक हो जाए।
कार्यक्रम में खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, सांसद वी.डी.शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। गुनौर जिला पन्ना में श्री चौहान ने 677.49 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण, भूमिपूजन किया। गुनौर विधानसभा क्षेत्र के लिए 677 करोड़ 49 लाख 46 हजार रूपये के 9 विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 60 करोड़ 17 लाख के 3 विकास कार्यो का लोकार्पण और 617 करोड़ 32 लाख 41 हजार रूपये के 9 विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इन कार्यों में 27-27 करोड़ के वितरण केन्द्र बिरवाही, देवेन्द्र नगर एवं पवई क्षेत्र के ग्राम सिमरिया में 132/33 केवी उप केन्द्रों का निर्माण और 6.17 करोड़ लागत का गुनौर बायपास मार्ग लंबाई 3.30 कि.मी. शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिन विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन किया, उनमें 506 करोड़ 54 लाख की पवई व्यारमा समूह जल प्रदाय योजना, 38 करोड़ से शासकीय उत्कृष्ट उमावि, गुनौर का पुनर्विकास कार्य, 31 करोड़ 70 लाख का उत्कृष्ट उमावि ककरहटी का पुनर्विकास, 27 करोड़ 65 लाख की गुनौर की अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना, 12 करोड़ 63 लाख 41 हजार रूपये की लागत से शाहनगर में नवीन शासकीय आईटीआई का निर्माण और 80 लाख से गुनौर नगर परिषद का कार्यालय भवन का निर्माण शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *