गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

‘इंडिया’ से घबरायी है भाजपा

लखनऊ : अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) घबरायी हुयी है और वह किसी भी हद तक साजिश एवं षडयंत्रों का सहारा ले सकती है। कार्यकर्ताओं को इनसे सावधान रहने की जरूरत है।
इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में पिछड़े समाज के एक दिवसीय महासम्मेलन को सम्बोधित करते हुये उन्होने कहा “ हम कभी पिछड़े नहीं थे। साजिशों से हमारा समाज पिछड़ा बना दिया गया हैं, लेकिन अब पिछड़ा और दलित समाज जागरूक हुआ है। अपने अधिकारों की मांग कर रहा है। हर क्षेत्र में आगे आ रहा है इसीलिए भाजपा घबराई हुई है और वह किसी भी हद तक साजिश और षडयंत्र कर सकती है। भाजपा से सावधान रहना होगा।”
सम्मेलन में पूरे प्रदेश से मौर्य, कुशवाहा, शाक्य, सैनी समाज के विधायक, पूर्व विधायक, पदाधिकारी, नेता और प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होने कहा कि इस समाज का अतीत और इतिहास ऐसा है कि यह कभी पिछड़ा नहीं था। लेकिन हजारों साल पहले हुई साजिश के कारण पिछड़ गया। यह लड़ाई हजारों साल की है खत्म नहीं हुई, अभी जारी है। सामाजिक न्याय की लड़ाई बड़ी है। जातीय जनगणना सामाजिक न्याय की लड़ाई की अगली कड़ी है।

समाजवादी लोग लम्बे समय से जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं। लोकसभा में नेताजी मुलायम सिंह यादव, शरद यादव और लालू प्रसाद यादव जी समेत दक्षिण भारत के नेताओं ने मांग की थी और उस समय की सरकार ने जातीय जनगणना कराने के लिए स्वीकार किया था। लेकिन आंकड़े नहीं जारी हुए थे।

यादव ने कहा कि समाजवादी लोग चाहते हैं कि जातीय जनगणना हो, और सभी जातीयों को उनकी आबादी के अनुपात में हक और सम्मान मिले। लेकिन जिनकी संख्या आबादी में बहुत कम है वही जातीय जनगणना नहीं होने देना चाहते हैं। जब कभी भी समाजवादियों को मौका मिलेगा तो जातीय जनगणना कराकर सभी को उनके आबादी के अनुपात में हक और सम्मान दिलाने का काम करेंगे।
भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए उन्होने कहा कि जब कभी आंकलन होगा और रिपोर्ट तैयार होगी तो यही निकलेगा कि नोटबंदी भाजपा सरकार का सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी फैसला था। पहले 2000 रूपये का नोट छापा। उसे चलाया और फिर बंद कर दिया।

भाजपा ने अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए इस तरह के फैसले लिये। उन्होंने कहा कि जनता को 2022 के चुनाव में धोखा दिया गया और अब 2024 के लोकसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। देश में इंडिया गठबंधन बनने के बाद भाजपा में घबराहट है। इंडिया के साथ पीडीए खड़ा है जो लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *