सिवनी : मध्यप्रदेश के सिवनी जिला मुख्यालय के सिवनी जबलपुर रोड पर ग्राम लूघरवाड़ा के समीप एक खड़े ट्रक से मिनी ट्रक टकरा गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी और एक घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सिवनी जबलपुर रोड पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को जबलपुर से आ रहे एक मिनी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस घटना में मिनी ट्रक में सवार एक व्यक्ति की घटना स्थल पर मौत हो गई, वहीं दो लोगों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान एक और घायल की मौत हो गई। मृतक युवकों में अफजल खान (45), रियाज खान (25) और घायल शेख नजीर के नाम शामिल है। आज मृतकों के शव का पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। वही पुलिस प्रकरण की जांच में लगी हुयी है।
