लखनऊ : राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को हुयी बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से फौरी राहत मिली। बारिश के कारण कई इलाकों में कच्चे मकानो को नुकसान पहुंचा। हरदोई में कच्चा मकान गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। शहरी इलाकों में लोगों को जलभराव का सामना करना पडा। मौसम विभाग के अनुसार वर्षा का यह दौर अगले दो दिन तक जारी रहने का अनुमान है।
मौसम आंचलिक केंद्र के वैज्ञानिक दानिश ने बताया कि मध्यप्रदेश के ऊपर कम दवाब का क्षेत्र विकसित होने के चलते राज्य में बारिश के हालात बने है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम बारिश हुयी है जबकि इक्का दुक्का इलाकों में तेज वर्षा रिकार्ड की गयी। बारिश होने से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी।
पिछले 24 घंटे में आगरा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रिकार्ड किया गया जबकि लखनऊ में दिन का तापमान 34.1 डिग्री था। न्यूनतम तापमान में बस्ती में सबसे कम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि लखनऊ में यह 26.1 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में कोई खास फेरबदल के आसार नहीं है हालांकि उसके बाद तापमान में बढोत्तरी का दौर एक बार फिर शुरू हो जायेगा।
कई जिलों में बारिश, उमस से राहत
