अगरतला : त्रिपुरा में धलाई जिले की लोंगतराई घाटी के सुदूर लालचेरा गांव में तीन दिन पहले एक बालिका से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सोना चरण जमातिया ने बताया कि अमरदीप चकमा नामक आरोपी को मंगलवार को लालचेरा से दुलचेर्रा के बीच में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अमरदीप ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस उसे अदालत में पेश कर हिरासत में लेने की मांग करेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, गांव वाले जब त्रिपुरा के आखिरी महाराजा वीर विक्रम माणिक्य की 115वीं जयंती मना रहे थे, तभी सात साल की बालिका अकेले सड़क पार कर रही थी। उसके पड़ोसी अमरदीप ने उसकी मदद की थी । बाद में, उसने कथित तौर पर लड़की को चॉकलेट के लिए अपने घर बुलाया और उसके साथ बलात्कार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पीड़ित बालिका को चॉकलेट खरीदने के लिए 10 रुपये देकर छोड़ दिया और साथ ही घटना के बारे में किसी को कुछ न बताने को कहा। बालिका अगले दिन बीमार पड़ गई और उसने अपनी मां को सारी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बालिका का अभी भी इलाज चल रहा है लेकिन वह सदमे में है। बाद में, पीड़िता के माता-पिता ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
बालिका से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
