रुद्रप्रयाग/देहरादून : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश (अतिवृष्टि) और भूस्ख्लान के कारण बुधवार को रुद्रप्रयाग जनपद में 17 सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। अवरुद्ध सड़क मार्ग में तीन सड़कें लोक निर्माण विभाग, रुद्रप्रयाग, छह सड़कें लोक निर्माण विभाग, ऊखीमठ, पांच सड़कें पीएमजीएसवाई, रुद्रप्रयाग तथा पीएमजीएसवाई, जखोली की तीन सड़कें शामिल है। बंद सड़क मार्गों को आम जनमानस की आवाजाही शुरू करने के लिए संबंधित निर्माण दायी संस्थाओं द्वारा तत्परता से कार्य किया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जो सड़क मार्ग भारी बारिश के कारण अवरुद्ध हैं, उनमें नगरासू-डांडाखाल-धनपुर मोटर मार्ग के किमी 01 में मार्ग का 20 मीटर भाग पूर्णतया वासआउट हो गया है। जिस कारण मार्ग यातायात हेतु पूर्णतया बंद है। मार्ग के 25 अगस्त तक खुलने की संभावना है। छेनागाड़-बक्सीर मोटर मार्ग के किमी एक, तीन व पांच में दीवार क्षतिग्रस्त व भूधंसाव तथा मार्ग वासआउट होने से यातायात हेतु अवरुद्ध हो गया है। जिसकी 25 अगस्त तक खुलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि खिर्सू-खेड़ाखाल कांडई खांकरा मोटर मार्ग के किमी 20 में मलवा बोल्डर आने से मार्ग यातायात हेतु अवरुद्ध हो गया है जिसे खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री रजवार ने बताया कि विजयनगर-पठालीधार-डांगी संपर्क मोटर मार्ग 70 मीटर लंबाई में पूर्ण रूप से वासआउट हो गया है। जिसे यातायात हेतु उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बांसवाड़ा-बष्टी बसुकेदार मोटर मार्ग यातायात हेतु अवरुद्ध है, इसे भी यातायात हेतु जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मस्तूरा-दिलमी-करोखी मोटर मार्ग यातायात हेतु अवरुद्ध है जिसकी 28 अगस्त तक खुलने की संभावना है। कुणजेठी से ब्यूंखी मोटर मार्ग के किमी 2 से 4 के मध्य स्लिप आने के कारण यातायात हेतु अवरुद्ध हो गया है जिसे खोलने हेतु जेसीबी भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त बंद मार्गों को यातायात हेतु सुचारू करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा त्वरित गति से कार्य किया जा रहा है।
रुद्रप्रयाग : 17 सड़क मार्ग अवरुद्व
