शिमला : हिमाचल की राजधानी शिमला में लगातार हो रही मुसलाधार बारिश से दो लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गयी है।
पुलिस ने आज यहां बताया कि शहर के ढली थाना अंतर्गत गांव शोल (बलदेयां) में भारी भूस्खलन में एक प्रवासी दंपती की मौत हो गई है। दम्पति का शव मलबे से निकाला गया है। मृतक दम्पति मजदूरी का काम करते। इनकी पहचान झालु ओरेण (28) और राज कुमारी (21) पत्नी झालु के रूप में हुई है। ये दोनों झारखंड के गुमला जिला के मूल निवासी थे।
पुलिस ने बताया कि दम्पति शोल गांव में कंस्ट्रक्शन साइट पर ठेकेदार के पास मजदूरी का काम कर रहे थे कि अचानक भारी भूस्खलन की जद में आ गए। ढली पुलिस ने शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेज दिया है।
शहर में हो रही भयंकर बारिश से पैदल रास्ते नालों में तब्दील हो गए हैं। कर्मचारियों और रोजमर्रा के काम करने वाले लोगों को भूस्खलन के खतरे के बीच अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। राहत की बात यह है कि जिला प्रशासन ने बारिश की आशंका को देखते हुए आज व कल सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शिमला में सुबह साढ़े आठ बजे तक 132 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है।
मलबे में दबने से दो लोगों की मौत
