नैनीताल : उत्तराखंड के सतर्कता (विजिलेंस) अधिष्ठान की टीम ने गुरुवार को ऊधमसिंह नगर के जिला पंचायत राज अधिकारी और 2005 के पीसीएस अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी को एक लाख रुपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।अधिकारी के घर से भी 20 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।
सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद नारायण मीणा के अनुसार ऊधमसिंह नगर जिले के जिला पंचायत राज अधिकारी के खिलाफ टोल फ्री नंबर 1064 और हल्द्वानी कार्यालय में एक शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया कि आरोपी द्वारा उपकरणों की आपूर्ति की बिलों के भुगतान की एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
इसके बाद आरोपों की जांच की गयी। जांच में तथ्य सही पाये जाने पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिये निरीक्षक ललिता पांडे की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया। जाल बिछाने वाली टीम ने योजना के मुताबिक रूद्रपुर के स्मार्ट बाजार स्थित पार्किंग में अपना जाल बिछा दिया। जैसे ही आरोपी ने एक लाख रुपये की रिश्वत ली। टीम ने आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता टीम को आरोपी के घर से भी 20 लाख रुपये की नकदी मिली है। उत्तराखंड सतर्कता विभाग की रिश्वत के खिलाफ मुहिम में यह अभी तक की सबसे बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
पंचायत राज अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
