हिसार : हरियाणा के हिसार जिला भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने स्थानीय सदर थाने के हेड कांस्टेबल राकेश को 10 हजार रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी राकेश ने अपहरण के मामले से बचाने के लिए कार चालक सुरेश से एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। ब्यूरो की टीम ने शिकायत मिलने पर वीरवार रात करीब साढ़े नौ बजे हैड कांस्टेबल को न्यू ऋषिनगर मोहल्ले के पास पकड़ा। खुद को फंसता देखकर पहले तो वह शर्ट उताकर भाग निकला,लेकिन टीम ने उसे दौड़कर दबोच लिया।
सुरेश ने बताया कि गत मंगलवार को हिमाचल के एक दम्पति और स्थानीय युवक प्रदीप ने उसकी कार बुक की थी, लेकिन सात रोड के पास उन लोगों ने बदतमीजी करनी शुरू कर दी। उसने सभी को कार से उतरने के लिए कहा। प्रदीप ने कार से उतरकर उसके साथ मारपीट की तो उसने गाड़ी भगा ली। सुरेश के अनुसार, गाड़ी में उस समय महिला और उसका बच्चा था, लेकिन 50 मीटर दूर जाने के बाद उसने दोनों को उतार दिया और अपने दोस्त के घर चला गया। इस पर प्रदीप और दम्पती ने अपहरण और 50 हजार रुपए लूटने की झूठी शिकायत दे दी। इसी केस से निकालाने के लिए आरोपी राकेश उससे एक लाख रुपए मांग रहा था।
सुरेश के अनुसार राकेश ने उसे पैसे नहीं देने पर मामला दर्ज करने की धमकी दी तो उससे ब्यूरो को शिकायत दी। ब्यूरो ने जाल बिछाया लेकिन जैसे ही सुरेश ने हेड कांस्टेबल राकेश को 10 हजार रुपए दिये तो उसे पकड़ने का प्रयास किया गया लेकिन वह भाग निकला और इस दौरान उसने अपनी शर्ट भी उतार दी, लेकिन टीम के सदस्यों ने उसे दौड़ कर काबू कर लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हेड कांस्टेबल रिश्वत लेते गिरफ्तार
