बस्ती : उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डाक्टर देवेंद्र शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि विद्यालयों के 100 मीटर के आस-पास नशीले पदार्थ और धूम्रपान की दुकाने तत्काल बन्द करायी जायेगी। डा शर्मा ने यहां पत्रकारो से बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार बाल हितो के कल्याणार्थ विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित कर रही है। विद्यालयों के 100 मीटर के आस-पास गुटका,बीड़ी,नशीले पदार्थ की दुकानो को तत्काल बन्द करवाने के साथ-साथ उनके विरूद्व आवश्यक कार्यवाही के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश प्रदान किया गया है।
उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार बाल विवाह,बाल श्रम,बच्चों में नशे की प्रवृत्ति और बाल भिक्षावृत्ति से बच्चों को मुक्त कराने के लिए काम कर रही है। बाल विवाह रोकने के साथ बाल श्रम व बच्चों को नशे की लत से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
डा शर्मा ने बताया कि होटलों,बाजारो,चाय की दुकानो मे बाल कल्याण समिति द्वारा अभियान चला कर वहां पर कार्य कर रहे बच्चो को मुक्त कराया जाता है तथा प्रतिष्ठना के संचालको के विरूद्व आवश्यक कार्यवाही भी किया जाता है। बालश्रम को रोकने को लेकर पूरे प्रदेश में रेस्क्यू चल रहा है। बस स्टापों,रेलवे स्टेशनो,टोल प्लाजो,बाजारो सहित अन्य स्थानो पर बाल भिक्षावृत्ति को रोकने के लिए निरन्तर कार्य किया जा रहा है। नाबालिग बच्चो को कार्य करने से रोकने के लिए एक जागरूकता अभियान भी चलाया जाये किसी भी हाल मे नाबालिग बच्चों को कार्य करने के लिए रोका जा सके।
विद्यालयों के आस-पास धूम्रपान की दुकाने होंगी बंद
