ग्वालियर : मध्यप्रदेश के ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में एक ट्रक की टक्कर से मोटर साइकिल सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गयी। दोनों व्यक्ति यहां एक गमी के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, जहां से वापस मुरैना लौटते समय दुर्घटना के शिकार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुरैना जिले के अंबाह कस्बे के निवासी 65 वर्षीय केदार सिंह और 25 वर्षीय सतीश सिंह राठौड़ ग्वालियर के सुभाष नगर इलाके में अपने रिश्तेदार के यहां हुई गमी में शामिल होने के लिए आए थे और अंतिम संस्कार के बाद कल शाम दोनों मोटर साइकिल से वापस मुरैना लौट रहे थे।
उनकी मोटर साइकिल पुरानी छावनी थाना इलाके में थाने के सामने ही पहुंची थी कि तभी तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों मृतक के सब को पोस्टमार्टम के लिए रवाना करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को भी जप्त कर लिया है। मृतक आपस में रिश्तेदार हैं।
