भोपाल : कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेता प्रदेश में लगभग पांच सौ करोड़ के कथित पोषण आहार घोटाले का आरोप लगाते हुए आज मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस की शिकायत दर्ज कराने लोकायुक्त कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस के इस वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह और पूर्व मंत्री तरुण भनोत शामिल रहे।
इसके बाद श्री तन्खा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि आज प्रदेश के इतिहास का ये दुःखद प्रसंग हैं। श्री तन्खा ने मुख्य सचिव के संरक्षण में पोषण आहार घोटाला होने के आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के 8 जिलों में 2018 से 2021 के बीच 500 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस संबध में लोकायुक्त न्यायमूर्ति एन के गुप्ता के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है और उम्मीद है कि इस मामले में लोकायुक्त संगठन विधिवत जांच करेगा।
उन्होंने कहा कि कैग की रिपोर्ट में गलत निर्यात, उत्पादन और फर्जी कागज बनाने का जिक्र है, जिसके संबंध में कांग्रेस ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई है। आजीविका मिशन के तहत 8 सरकारी कम्पनियों ने घोटाला किया। तन्खा ने 2017 में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सीईओ ललित मोहन बेलवाल पर भी घोटाले में लिप्त होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव के संरक्षण में ललित मोहन बेलवाल ने पोषण आहार में घोटाला किया। उन्होंने कहा कि ये दोनों अधिकारी वर्तमान में सेवावृद्धि पर चल रहे हैं। क्या दोनों को इन्हीं कार्यों के लिए सेवावृद्धि दी गई है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने इस कथित घोटाले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
