गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इब्राहिम ने कबूली ‘इंडिया’ में कलह की बात

बेंगलुरु : भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन (इंडिया) में कलह है और इसे ठीक करना उनका काम है। यह कहना है कर्नाटक जनता दल सेक्युलर (जद-एस) के अध्यक्ष सी.एम. इब्राहिम का। उन्होंने मुंबई में होने वाली इंडिया की तीसरी बैठक से पहले इस बयान को देकर भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है।
उन्होंने यहा पार्टी कार्यालय में यूनीवार्ता से कहा, ”देखिए मैं उस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। शरद पवार देश के बहुत वरिष्ठ नेता हैं। कन्नडिगाओं के बीच श्री देवेगौड़ा मजबूत हैं और मराठों के बीच पवार मजबूत हैं। तो, किस तरह से निमंत्रण दिया गया है और क्या किया गया है, हम नहीं जानते। यह उनका आंतरिक मामला है। हालांकि, झगड़े हैं और इसे सुलझाना उनका काम है।”
ये बयान पवार द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में किसी भी विभाजन से इनकार करने के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन को असमंजस में रखने के मद्देनजर आया है। महाराष्ट्र कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) दोनों ने श्री पवार से स्पष्टीकरण मांगा कि क्या वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ खड़े हैं या ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ हैं।
एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने श्री पवार से पूछा कि अगर राकांपा में कोई विभाजन नहीं हुआ है, तो श्री अजित पवार समूह किस तरह से भाजपा के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो सकता है। पवार के बयान पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए, शिवसेना (यूबीटी) नेताओं ने कहा, ”पवार साहब को फैसला करना चाहिए कि वह भाजपा के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन के साथ खड़े हैं या ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ और राकांपा के विभाजन को पारिवारिक मामला मानना बंद करें।”
उल्लेखनीय है कि इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक मुंबई है 31 अगस्त से एक सितंबर के बीच होगी, जिसमें श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी, लालू यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन सहित कई अन्य नेताओं के भाग लेने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *