नई दिल्ली : अनुराग सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय खेल दिवस 2023 के अवसर पर मंगलवार को यहां फिट इंडिया क्विज़ के तीसरे संस्करण का शुभारंभ किया। क्विज़ के दो सफल संस्करणों के बाद तीसरे संस्करण में कुल पुरस्कार राशि 3.25 करोड़ रुपये रखी गयी है। ठाकुर ने कहा, “मुझे यह देखकर आश्चर्य हुआ कि अंडमान, सिक्किम जैसे दूरदराज के स्थानों के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश की टेंगा घाटी के छात्रों ने फिट इंडिया क्विज़ में भाग लिया। वे क्विज़ में शीर्ष टीमें थीं।”
इस बीच, ठाकुर ने खेलो इंडिया योजना के तहत स्वीकृत खेल अवसंरचना परियोजनाओं पर एक सूचना पुस्तिका भी लोकार्पण किया और साथ ही एक राष्ट्रीय खेल महासंघ पोर्टल भी लॉन्च किया। ठाकुर ने खेल दिवस पर कहा, “हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने हमें 1928, 1932 और 1936 में हॉकी में लगातार तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाये। यह इस महान उस्ताद को श्रद्धांजलि देने का एक उपयुक्त दिन है और मुझे खुशी है कि पिछले कुछ वर्षों में कोचों और एथलीटों ने भी इस खेल क्रांति को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है।”
उन्होंने कहा, “आज पूरे भारत में 3526 खेल कार्यक्रम हो रहे हैं और यह उस राह का प्रमाण है, जिस पर हम चल रहे हैं। भारतीय खेलों के लिये यह एक अविश्वसनीय दौर है। सभी खेलों में, चाहे वह शतरंज में प्रज्ञानंद हो या कुश्ती में अंतिम पंघाल और तीरंदाजी में अदिति गोपीचंद स्वामी हों, हमें अभूतपूर्व परिणाम मिल रहे हैं। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप बुडापेस्ट में भी हमारी 4×400 मीटर रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन में शानदार प्रदर्शन करने वालों में पारुल चौधरी के साथ-साथ हमारे सदाबहार नीरज चोपड़ा भी शामिल रहे।”
इस दौरान लॉन्च किया गया राष्ट्रीय खेल महासंघ पोर्टल कार्य में आसानी सुनिश्चित करने के लिये भारत सरकार के डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप है। यह राष्ट्रीय खेल संघों के लिये एक एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल है जो उनकी मान्यता के वार्षिक नवीनीकरण, चुनाव आदि की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
दूसरी ओर, खेल बुनियादी ढांचे परियोजनाओं पर जारी सूचना पुस्तिका खेलो इंडिया योजना के तहत किये गये कार्यों की सूची प्रदान करती है। पुस्तिका विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में विकसित किये गये और विकासशील खेल बुनियादी ढांचों पर प्रकाश डालती है।
ठाकुर ने की फिट इंडिया क्विज़-3 की घोषणा
