गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अवैध हथियारों के मामले में दम्पति गिरफ्तार

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंतर्गत आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों को ब्राउन शुगर बेचकर यहां से हथियार ले जाने के मामले में पुलिस ने पंजाब के एक दंपति और उनके दो पुत्रों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ढाबे के लिए लोन लेकर उस राशि से ब्राउन शुगर खरीद कर अवैध व्यवसाय आरम्भ किया था बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने आज सायं पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर नागलवाड़ी थाना के पुलिस दल ने पंजाब के अमृतसर जिले के मेहता थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनके निवासी जसवंत सिंह रंधावा उसकी पत्नी राजविंदर कौर और पुत्र अर्शदीप सिंह व हरसिमरन दीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
उनके पास से 120 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 अवैध रूप से निर्मित हथियार , पांच कारतूस एक कार, एक दु पहिया वाहन और तीन इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे भी बरामद किए गए हैं। सेंधवा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कमल सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी पहले महाराष्ट्र के पुणे क्षेत्र में ढाबा संचालित करते थे और वहां काम नहीं चलने पर बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी ढाबे को किराए पर लेना चाह रहे थे। उन्होंने ढाबा संचालित करने के लिए पेटीएम से 3 लाख और एक अन्य बैंक से एक लाख रुपये का लोन लिया था।
वे पंजाब स्थित अपने ग्रह ग्राम के समीप स्थित घनश्यामपुर के मन्नू चन्ना सिंह से ब्राउन शुगर लाते थे और कार तथा दुपहिया वाहन से विभिन्न ढाबों पर जाकर पंजाबी बोलने वाले ट्रक चालकों को चिन्हित करते थे और उन्हें तीन से 4000 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से ब्राउन शुगर बेचते थे। इनके पास तीन इलेक्ट्रॉनिक तौल करने की मशीन पाई गई है जिससे यह आधा और एक ग्राम की मात्रा में मादक पदार्थ विक्रय करते थे। उन्होंने बताया कि बीते एक पखवाड़े में यह करीब 30 ग्राम ब्राउन शुगर बेच चुके थे। आरोपियों को कल न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड प्राप्त करने के उपरांत इनके बारे में अन्य जानकारियां जुटाई जायेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *