गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सीधी के साथ आज न्याय हुआ है : शिवराज

सीधी : शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आज का दिन सीधी के सौभाग्य के उदय का दिन है। सीधी में मेडिकल कॉलेज बनने से लोगों को इलाज के लिए रीवा, भोपाल या इंदौर नहीं जाना होगा। उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं सीधी में ही उपलब्ध होंगी। आज सीधी के साथ न्याय हुआ है। चौहान सीधी के नौढ़िया में सीधी मेडिकल कॉलेज भवन परिसर निर्माण के भूमि-पूजन अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही प्रदेश में मेडिकल कालेजों की संख्या बढ़कर 31 हो जाएगी। वर्ष 2003 तक प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कालेज थे। सीधी जिले में चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना से प्रदेश के छात्रों के लिए हर वर्ष 100 एमबीबीएस सीटें प्राप्त हो सकेंगी। मेडिकल कालेज खुलने से सीधी जिले और आस-पास के जिलों से आने वाले मरीजों को तृतीयक स्तर से चिकित्सा सुविधा का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के लिए ग्राम नौढ़िया में प्रस्तावित स्थल पर मंत्रोच्चार के बीच कन्या पूजन कर वैदिक रीति से भूमि-पूजन किया। श्री चौहान ने 24 करोड़ 8 लाख 84 हजार रुपए लागत के 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल रामपुर नैकिन का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में सीधी की प्रभारी मंत्री मीना सिंह, सांसद सीधी रीती पाठक, विधायक केदारनाथ शुक्ला, कुवंर सिंह टेकाम तथा अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे। श्री चौहान के सीधी आगमन पर लाड़ली बहना सेना की बहनों ने पुष्पवर्षा कर तथा कलश यात्रा से उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *