नई दिल्ली : भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी वुमलुनमंग वुअलनाम ने शुक्रवार को यहां केंद्र में नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) के सचिव का पदभार ग्रहण किया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार वुअलनाम ने श्री राजीव बंसल का स्थान लिया है जो 31 अगस्त, 2023 को सेवानिवृत्त हुए। वुलनाम मणिपुर कैडर से 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय में अपर सचिव, गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव और वित्त एवं कंपनी कार्य मंत्रालय के उप-सचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान की हैं। वह मणिपुर सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में आयुक्त और परिवहन निदेशक सहित कई प्रमुख पदों पर भी कार्य कर चुके हैं और कुछ समय तक विश्वबैंक में कार्यकारी निदेशक के सलाहकार का पदभार भी संभाला है।
