गर्मी के कारण एक की तबीयत बिगड़ी
हिसार : हरियाणा में यहां लघु सचिवालय के सामने चल रहे अपनी मांगों को लेकर चल रहे आशा वर्करों के धरना प्रदर्शन की कड़ी में शनिवार सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं ने राज्य के निकाय मंत्री कमल गुप्ता के यहां मलिक चौक स्थित आवास का आज घेराव और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान गर्मी के कारण एक आशा कार्यकर्ता मनीषा की तबीयत बिगड़ गई। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब आधे घंटे के प्रदर्शन के बाद आशा कार्यकर्ता ज्ञापन देकर चली गईं। आशा कार्यकर्ता ने शहर के मधुबन पार्क से पैदल मार्च करते हुए और थालियां बजाते हुए निकाय मंत्री के आवास पर पहुंची और सामने बैठकर प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में करीब 20000 आशा कार्यकर्ता लम्बित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं वहीं करीब 1600 आशा कार्यकर्ता यहां लघुसचिवालय के सामने गत आठ अगस्त से धरने पर बैठी हैं। इससे पहले भी इन्होंने आदमपुर मंडी विधायक भव्य बिश्नोई के आवास पर ताली बजाकर प्रदर्शन किया था।
आशा कार्यकर्ता यूनियन की नेता कृष्णा देवी ने बताया कि वे 26000 रुपए प्रति माह वेतन करने और सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं। सरकार की तरफ से हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है।
