जयपुर : पंचायती राज विभाग द्वारा राजस्थान मिशन-2030 के अंतर्गत विभागीय उपलब्धियों एवं विजन 2030 के सम्बन्ध में पांच सितंबर को वीसी के माध्यम से समस्त हितभागियों का राज्यव्यापी आमुखीकरण एवं सेंसेटाइजेशन किया जाएगा। शासन सचिवालय स्थित कांफ्रेंस रूम से होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश चन्द मीना द्वारा की जाएगी। श्री मीना राजस्थान मिशन 2030 के लिए सभी हितभागियों की भूमिका पर उद्बोधन देंगे।
इस मौके पर विजन 2030 वीडियो का प्रदर्शन, प्रक्रियाओं सम्बन्धी प्रस्तुतीकरण, पंचायती राज की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों, प्रमुख संकेतकों, राजीविका, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, वाटरशेड, महानरेगा योजनाओं एवं ग्रामीण विकास का प्रस्तुतीकरण, संभागियों से सुझाव आमंत्रण, आगामी कार्ययोजना के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण एवं लक्ष्य एवं सुझाव हेतु चर्चा होगी।
कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों के अलावा अन्य हितधारक, ग्राम विकास अधिकारी, जलग्रहण समिति सदस्य, राजीविका की महिलाएं एवं नरेगा मेट आदि भी शामिल होंगे। इसके लिये समस्त हितधारकों को जिला परिषद वीसी रूम, पंचायत समिति वीसी रूम एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ई-मित्र मशीनों के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
राज्यव्यापी आमुखीकरण से बनेगा पंचायतीराज का विजन 2030
