गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मध्यप्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश

भोपाल : मध्यप्रदेश में एक लंबे अंतराल के बाद बारिश का दौर प्रारंभ होने से सभी ने राहत की सांस ली है। भोपाल समेत अनेक शहरों, नगरों और ग्रामीण इलाकों में बारिश का क्रम आने वाले कुछ दिनों में भी जारी रहने की संभावना है। भोपाल में दिन में तेज हवाओं के साथ बादल छा गए और शाम से बारिश का क्रम शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। इस वजह से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। इसके अलावा राज्य के पूर्वी और उत्तरी अंचल में भी हवाओं के साथ बारिश होने की सूचनाएं हैं।
स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के नरसिंहपुर, सिवनी, नौगांव, ग्वालियर, सतना, मंडला, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सीधी, पचमढ़ी, नर्मदापुरम, शिवपुरी, रायसेन, मलाजखंड, गुना, सागर और अन्य अनेक स्थानों पर बारिश होने की सूचनाएं हैं। बीते 24 घंटों के दौरान शहडोल और रीवा संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, जबलपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर, इंदौर एवं उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं कहीं वर्षा दर्ज की गयी।
केंद्र के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान रीवा, जबलपुर, सागर और शहडोल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों के अलावा अशोकनगर, विदिशा, भोपाल, रायसेन जिलों में कुछ स्थानों पर और चंबल संभाग के जिलों, राजगढ सीहोर, दतिया, गुना, ग्वालियर, शिवपुरी, धार, इंदौर, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, उज्जैन, नीमच, शाजापुर, देवास, आगर और मंदसौर जिलों में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है।
केंद्र ने बालाघाट और डिंडोरी जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। बारिश होने के कारण राज्य सरकार ने भी राहत महसूस की है। अगस्त माह में पूरे प्रदेश में बारिश नहीं के बराबर होने से राज्य में सूखे की आशंका पैदा हो गयी है। इसके अलावा बिजली उत्पादन भी प्रभावित होने से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिंता जताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाकर स्थिति की समीक्षा की थी। राज्य में अब लगातार बारिश की दरकार है। प्रमुख बांध जलाशय भी पूरी तरह भर नहीं पाए हैं। राज्य में जून और जुलाई माह में बारिश हुयी थी, लेकिन अगस्त के सूखे रहने के बाद सितंबर माह के पहले सप्ताह में बारिश होने से सभी के चेहरे खिल गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *