भीलवाडृा : राजस्थान में भीलवाडा जिले के कारोई थाना क्षेत्र में पुलिस ने आज एक किलोग्राम अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मुखबिर से सूचना मिली कि कारोई उप तहसील के सामने हाइवे किनारे कट पर एक व्यक्ति खड़ा है, जिसने ब्लू शर्ट एवं खाकी पेंट पहन रखी है। उसके हाथ में थैली है, जिसमें मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना पर कारोई थाना प्रभारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। वहां खड़ा व्यक्ति पुलिस को देखकर तेज कदमों के साथ वहां से रवाना हो गया, जिसे पुलिस ने घेरा डालकर पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने खुद को शाहपुरा जिले के फूलिया थाना इलाके खामोर गांव का निवासी धनराज तेली 33 बताया। पुलिस ने उसके पास मिली थैली की तलाशी ली तो उसमें अफीम थी। वजन करवाने पर अफीम 1 किलो 027 ग्राम पाई गई।
पुलिस ने धनराज तेली से अफीम की खरीद-फरोख्त के बारे में पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि यह अफीम वह बेकाखेड़ा, फूलिया निवासी सांवर रेबारी से लाया और पूणे में दिनेश महाराज को दी जानी थी, लेकिन दिनेश महाराज ने अफीम नहीं ली। इसके चलते वह यह अफीम वापस ले आया। पुलिस ने अफीम जब्त कर धनराज तेली को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया।
अफीम के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
