गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बॉक्सानगर और धनपुर उपचुनाव भाजपा के खाते में

अगरतला : त्रिपुरा में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की दो विधानसभा सीट बॉक्सानगर और धनपुर उपचुनाव में शानदार जीत का परचम लहराया है। राज्य की इन दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए पांच सितम्बर को मतदान कराये गये थे और आज मतगणना हुई। बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तफज्जल हुसैन ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मिजान हुसैन को 30,237 वोटों के अंतर से हराकर यह सीट छीन ली। श्री तफज्जल को 34,146 वोट मिले, वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी श्री मिज़ान को केवल 3,909 वोट मिले।
धनपुर निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी बिंदु देबनाथ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा के कौशिक चंदा को 18,871 मतों के अंतर से हराया। देबनाथ को जहां 30,017 वोट मिले, वहीं चंदा केवल 11,146 वोट ही हासिल कर सकीं। भाजपा की इस जीत के साथ ही राज्य विधानसभा में उसके सदस्यों की संख्या 33 हो गयी जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी के पास एक सीट है। बंगलादेश की सीमा से लगा बॉक्सानगर और धनपुर दोनों मुस्लिम बहुल निर्वाचन क्षेत्र है तथा यहां भाजपा की जीत को देश भर में अल्पसंख्यकों के उसके साथ खड़े होने का संदेश माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने बॉक्सानगर और धनपुर के मतदाताओं को बधाई दी और कहा कि उपचुनावों में भाजपा की सफलता ने आगामी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव तथा आम चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन के खिलाफ देश को एक मजबूत संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *