नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी तथा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के बीच शनिवार को यहां जी-20 सम्मेलन के दौरान अलग से द्विपक्षीय वार्ता हुई जिसमें दोनों नेता गरम जोशी से एक-दूसरे से गले मिलते हुए भी नजर आए। जी-20 शिखर सम्मेलन का पहला सत्र खत्म होने के बाद श्री मोदी और श्री सुनक ने आज सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की और इस दौरान कारोबारी संबंधों को मजबूत करने तथा निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा हुई।
सुनक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गये थे लेकिन आज सुबह सम्मेलन का पहला सत्र समाप्त होने के बाद द्विपक्षीय बैठक की। श्री सुनक ने दिल्ली पहुंचकर कई महत्वपूर्ण बयान भी दिए हैं जिनमें उन्होंने कहा कि उन्हें हिंदू होने पर गर्व है। श्री सुनक का रविवार को यहां स्थित अक्षरधाम मंदिर जाने का भी कार्यक्रम बताया जा रहा है।
मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के साथ अपनी मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात करना शानदार रहा। हमने कारोबारी संबंधों को मजबूत करने तथा निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की।”
