गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

चोरी मामले में आभूषण दुकानदार समेत चार गिरफ्तार

दुमका : झारखंड में दुमका जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व घर का ताला तोड़कर सोने के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी किये जाने से संबंधित मामले का पुलिस ने खुलासा कर एक आभूषण दुकान के मालिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि बीते 03 सितंबर को राजभवन के समीप बंदरजोरी गांव के रहने वाले पंकज सिंह के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में पंकज सिंह के लिखित आवेदन पर दुमका नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। घटना के त्वरित उद्भेदन के मद्देनजर टीम गठित कर अनुसंधान शुरू की गयी। अनुसंधान के दौरान प्राप्त साक्ष्य के आधार पर पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास बंदरजोरी गांव के रहने वाले आकाश चालक, रोहित हरि और शंकर रजक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीनों के निशान देही पर चोरी का सामान खरीदने वाले स्थानीय एक आभूषण दुकान के मालिक रोहित राज वर्मा उर्फ गोल्डी को भी गिरफ्तार कर लिया।
श्री खैरवार ने बताया कि आभूषण दुकान की तालाशी के क्रम में पुलिस टीम ने पंकज सिंह के घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर सहित अन्य कीमती सामान की चोरी किये गये एक छोटा लॉकेट, सोना के दो नथ, एक मोबाइल फोन, चार सेट आर्टिफिशियल हार, साड़ी, एक गिफ्ट का डब्बा, घटना में प्रयुक्त साबल और दो हजार रुपया भी बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि छानबीन के दौरान पता चला है कि चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी शंकर रजक का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में मसानजोर आउट पोस्ट में वर्ष 2022 में भारतीय दंड विधान की धारा 394 और 411 के तहत लूट की घटना को लेकर दर्ज मामले में जेल जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *