मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना के पास हेतमपुर रेलवे स्टेशन के समीप लगातार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक के नीचे की गिट्टी और मिट्टी बहने के कारण इस मार्ग पर आज सुबह लगभग पांच घंटे यातायात प्रभावित रहा। झांसी रेल मंडल सूत्रों के अनुसार ट्रैक में खराबी के कारण सुबह छह बजकर बारह मिनट पर इस रूट के अप और डाउन दोनों मार्गों पर यातायात बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही रेलवे का तकनीकी अमला पहुंचा और ट्रैक को दुरुस्त करने का कार्य प्रारंभ किया।
लगभग पांच घंटे बाद ट्रैक पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया और इसके साथ ही ट्रेनों का फिर से आवागमन प्रारंभ कर दिया गया। ट्रैक ठीक करने के बाद पहली ट्रेन लगभग 11 बजकर दो मिनट पर यहां से निकाली गयी। ट्रैक में खराबी के कारण दिल्ली से भोपाल के बीच रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात प्रभावित रहा। मुरैना जिले मेें पिछले एक दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। हालाकि आज सुबह हेतमपुर क्षेत्र में बारिश का क्रम काफी हद तक थम गया।
