भदोही : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से गायब तीन बच्चे रविवार को वाराणसी जनपद के रोहनियां से बरामद किये गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र के झम्मनपुर गांव से गायब हुए बच्चे आशीष, सलमान व मुमताज वाराणसी जिले के रोहनियां मे मिले। सोशल मीडिया से मिली जानकारी पर रोहनियां पहुंची पुलिस बच्चों को गोपीगंज ले आई। बताया जाता है कि पिछले तीन दिन पहले झम्मनपुर गांव नट बस्ती के तीन मासूम बच्चे गांव के समीप स्थित ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर आ गये थे। तीनो बच्चे वाराणसी की ओर जाने वाली किसी ट्रेन में बैठ कर रोहनिया पहुंच गए।
बच्चे रेलवे स्टेशन पर उतरकर सड़क पर पहुंच गए। सड़क पर लावारिस दशा में टहल रहे बच्चो पर रोहनिया प्रभारी निरीक्षक की नजर पड़ी तो उन्हें थाने लाया गया। जहां सोशल मीडिया पर उनकी फोटो शेयर कर उनसे नाम पता पूछा गया तो उन्होंने अपना नाम आशीष, सलमान व मुमताज तथा पिता का नाम योगेंदर नट ग्राम दल्लूपुर गोपीगंज हनुमान मंदिर के पास बताया। रोहनियां पुलिस से मिली जानकारी पर पहुंची भदोही पुलिस उन्हें देर रात गोपीगंज लाई। इधर बच्चों के गायब होने से परेशान परिजन उनकी खोजबीन कर रहे थे। पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाकर कड़ी हिदायत के साथ बच्चों को उन्हें सुपुर्द कर दिया।
